Crimeदेहरादून

देहरादून में पुलिस मुठभेड़, गोकशी का आरोपी इरशाद गोली लगने से घायल

टी-स्टेट में पुलिस टीम पर की गई फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लगी गोली; दूसरा आरोपी फरार

देहरादून। गोकशी और गौ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दून पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचा तानकर फायरिंग की।

पुलिस के अनुसार, पीछा करने पर दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वहीं, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल आरोपी की पहचान इरशाद पुत्र मोहम्मद जमशेद (32 वर्ष), निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसे तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया। फरार आरोपी की पहचान शमीम पुत्र अज्ञात, निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में बताई गई है। उसकी तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।

पुलिस के मुताबिक, घायल इरशाद पर इसी माह थाना प्रेमनगर क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर गोकशी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बरामद किए हथियार और अन्य सामान

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद मौके से निम्नलिखित सामान बरामद किया गया है—

  • एक तमंचा 315 बोर और एक खोखा कारतूस।
  • घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (UK 17 J 0297)।
  • एक कुल्हाड़ी।
  • दो छुरी।
  • एक रस्सी।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।