जय बदरीविशाल के जयघोष के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट, 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई कपाट बंद करने की प्रक्रिया, मंगलवार को योग बदरी पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी देव डोलियां
बदरीनाथ धाम, 16 नवंबर। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ भगवान बदरीविशाल की वर्ष 2026 की मुख्य तीर्थयात्रा का समापन हो गया। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर संपूर्ण बदरीनाथ धाम जय बदरीविशाल के जयघोष से गुंजायमान रहा।

कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच कपाट बंद करने की तैयारियां शुरू हुईं। रविवार को हुई बारिश एवं बर्फबारी के बाद धाम में कड़ाके की ठंड रही। आसपास की पहाड़ियों पर बर्फ जमी हुई थी, हालांकि सोमवार को मौसम साफ होने के साथ धूप खिली। कपाट बंद होने के अंतिम दिन भी हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। मंदिर समिति के अनुसार इस दिन दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने संपन्न कराई। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल एवं वेदपाठियों ने पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं की ओर से भंडारों का आयोजन भी किया गया।
23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने के अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि यात्रा वर्ष 2026 में साढ़े 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मुखवा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारधाम शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने की पहल की थी। इस वर्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में शीतकालीन यात्रा को और अधिक प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु शीतकालीन पूजा स्थलों पर भी दर्शन कर सकें और स्थानीय क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण एवं मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, तीर्थ पुरोहित समाज एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
मंगलवार को पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी देव डोलियां
कपाट बंद होने के अगले दिन मंगलवार 17 नवंबर को सेना के बैंड की धुनों के साथ भगवान उद्धव जी एवं कुबेर जी की उत्सव डोलियां बदरीनाथ धाम से अपने शीतकालीन प्रवास योग बदरी पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी। शीतकाल में भगवान उद्धव जी एवं कुबेर जी की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।
भगवान गरुड़ जी तथा आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगी। गरुड़ जी मंगलवार को सीधे ज्योतिर्मठ पहुंचेंगे, जबकि रावल एवं नायब रावल आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ योग बदरी पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। बुधवार 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ में विराजमान होगी। इस अवसर पर पांडुकेश्वर एवं ज्योतिर्मठ में देव डोलियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।
पंच पूजाओं के साथ संपन्न हुईं धार्मिक परंपराएं
बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की प्रक्रिया से पहले 12 नवंबर से पंच पूजाएं प्रारंभ हुई थीं। 15 नवंबर तक आदि केदारेश्वर सहित विभिन्न सहवर्ती मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए।
रविवार 15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया तथा भगवान बदरीविशाल के दरबार में आने का निमंत्रण दिया गया। सोमवार को ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर खुलने के बाद अभिषेक, श्रृंगार एवं नियमित पूजा-अर्चना हुई। दिनभर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शाम आठ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रियाएं शुरू हुईं।
परंपरा के अनुसार रावल जी ने स्त्री रूप धारण कर माता लक्ष्मी जी को परिसर स्थित मंदिर से भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। भगवान कुबेर जी एवं उद्धव जी को भी मंदिर परिसर में लाया गया। इसके पश्चात भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया गया और रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
कई गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु रहे मौजूद
इस पावन अवसर पर ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज, दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण, मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं बीकेटीसी/चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतीश लखेड़ा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, देवीप्रसाद देवली, प्रह्लाद पुष्पवान, राजेंद्र डिमरी, राकेश भंडारी, नीलम पुरी, रजनीश भट्ट, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, डिमरी पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, सचिव भगवती डिमरी, श्रेयांस द्विवेदी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, पूर्व सदस्य वीरेंद्र असवाल, डीजीसी प्रकाश भंडारी, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल एवं राजन नैथानी, पंडा पंचायत सचिव गौरव पंचभैया, क्षेत्र पंचायत प्रमुख गणेश चंदोला, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, लेखाकार भूपेंद्र रावत, विवेक थपलियाल, डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, राकेश झिंक्वाण, माणा पंचायत प्रधान पीतांबर मोल्फा, गंगा सिंह परिहार सहित डिमरी पंचायत, ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत, हक-हकूकधारी संगठनों के प्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड के चारधामों में श्री गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर तथा श्री केदारनाथ एवं श्री यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। अब शीतकालीन गद्दीस्थलों पर भगवान की पूजा-अर्चना एवं दर्शन का क्रम जारी रहेगा।
जय बदरीविशाल!
#BadrinathDham #BadrinathTemple #Uttarakhand #CharDhamYatra2026 #HemantDwivedi #BKTC #WinterCharDhamYatra #DevbhoomiUttarakhand

