कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में गुलदार के हमले के बाद त्वरित कार्रवाई, आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश जारी
कोटद्वार। विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में गुलदार के हमले में हुई दुखद घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना को लेकर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
घटना की सूचना मिलते ही ऋतु खण्डूड़ी भूषण मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने वन मंत्री एवं वन विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने गुलदार को मारने के आदेश जारी करवाए।
बताया गया कि महज चार घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए आदमखोर गुलदार को मारने की अनुमति के आदेश जारी करवा दिए गए, ताकि क्षेत्र के लोगों को भय से राहत मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
वन विभाग के आदेश में गुलदार को पकड़ने अथवा आवश्यक कार्रवाई के लिए टीमों को सक्रिय करने, क्षेत्र में निगरानी रखने तथा निर्धारित शर्तों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियों से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ऐसे में इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


