देहरादून

अंकिता भंडारी के निजी WhatsApp चैट सार्वजनिक करने के मामले में Zero FIR दर्ज, विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ शिकायत

अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर देहरादून के राजपुर थाने में ज एफआईआर दर्ज, मामला हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा; कथित वीआईपी प्रकरण की जांच और नियुक्ति रोकने की मांग भी उठाई।

अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चाओं में है। अंकिता की निजी WhatsApp चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर बुधवार शाम देहरादून के राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। अब मामला क्षेत्राधिकार के आधार पर हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा।

 

धरने और विरोध के बाद दर्ज हुई FIR

अंकिता के माता-पिता बुधवार सुबह गांधी पार्क में धरने पर बैठे थे। उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना भी मौजूद रहीं। परिजनों की मांग थी कि निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
बाद में अंकिता के माता-पिता कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे, जहां एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी. मुरुगेशन से मुलाकात हुई। इसके बाद जीरो एफआईआर दर्ज किए जाने की कार्रवाई हुई। धरने को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह ने भी समर्थन दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस से शुरू हुआ विवाद

विवाद की शुरुआत 15 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस से हुई थी। पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य ने अधिवक्ता के साथ मीडिया के सामने अंकिता और जम्मू निवासी उसके मित्र पुष्पदीप के बीच कथित WhatsApp बातचीत के हजारों पन्नों का हवाला दिया था। इस दौरान अंकिता की मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बताए जाने संबंधी दावे भी किए गए थे।

अंकिता के परिवार ने इस पूरे घटनाक्रम पर आपत्ति जताते हुए इसे बेटी की निजता, प्रतिष्ठा और गरिमा को प्रभावित करने वाला बताया। परिवार का आरोप है कि निजी बातचीत को सार्वजनिक करके अंकिता की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।

अदालत में भी निजी चैट को लेकर उठे सवाल

परिवार की शिकायत के अनुसार, अंकिता और उसके मित्र के बीच हुई बातचीत निजी थी और विश्वास के आधार पर की गई थी। परिजनों का कहना है कि अदालत में सुनवाई के दौरान भी निजी बातचीत के आधार पर सवाल पूछने का प्रयास हुआ, जिन्हें उनके अनुसार अदालत ने अप्रासंगिक माना और अनुमति नहीं दी।

परिवार ने शिकायत में कहा है कि निजी चैट सार्वजनिक होने से अंकिता की स्मृति एवं प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और परिजनों को गहरा मानसिक आघात हुआ है।

कथित VIP एंगल की CBI जांच की मांग

अंकिता के माता-पिता ने निजी चैट विवाद के साथ-साथ हत्याकांड से जुड़े कथित VIP एंगल की जांच की मांग भी दोहराई है। परिवार चाहता है कि CBI जांच के माध्यम से कथित VIP की पहचान और भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल हो। पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग उठाई है।

परिवार ने कथित VIP एंगल की जांच पूरी होने तक दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति रोकने या वापस लेने की मांग भी की है। हालांकि, दुष्यंत कुमार गौतम इन आरोपों से इनकार कर चुके हैं और मानहानि की कार्रवाई भी शुरू कर चुके हैं।
जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद अब मामला हरिद्वार स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग और उससे जुड़े नए विवादों ने प्रदेश में राजनीतिक एवं सामाजिक बहस को फिर तेज कर दिया है।