स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का बड़ा खुलासा, 2 नाबालिग समेत 5 युवतियां रेस्क्यू
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत रुद्रपुर
में पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गाबा चौक स्थित दो स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर संगठित देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान की 5 युवतियों को मुक्त कराया गया, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवतियों को नौकरी और बेहतर जीवन का झांसा देकर उत्तराखंड लाया गया था, लेकिन यहां उन्हें जबरन अनैतिक कार्यों में धकेला जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिजोरम पुलिस को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अब अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह की कड़ियों को खंगाल रही है।
एसएसपी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में स्पा सेंटर संचालिका समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपितों के खिलाफ मानव तस्करी और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने साफ किया है कि जिलेभर में स्पा सेंटरों की जांच और सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन अब ऐसे मकान मालिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच करेगा, जिन्होंने बिना सत्यापन अपनी संपत्तियां किराए पर दी हैं।
