देहरादून

नए आपराधिक कानूनों के प्रचार-प्रसार हेतु पुलिस लाइन देहरादून में गोष्ठी आयोजित

अंतिम पंक्ति तक कानूनी जागरूकता पहुँचाने का उद्देश्य — आगामी माह प्रदर्शनी में गृह मंत्री होंगे आमंत्रित

देहरादून, दिनांक 16 अक्टूबर 2025।
माननीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में एक जुलाई 2024 से लागू हुए नए आपराधिक कानूनों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से पुलिस लाइन देहरादून स्थित सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी में देहरादून के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों के छात्रों, अधिवक्ताओं तथा पुलिस कर्मियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक नए कानूनों की जानकारी पहुँचाना था, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों और कानून में निहित प्रावधानों से पूर्णतः अवगत हो सके।

नए आपराधिक कानूनों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा उसकी सरल पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी माह जनपद देहरादून में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें माननीय गृह मंत्री, भारत सरकार को आमंत्रित किया जाएगा। उनके कर-कमलों से इस प्रदर्शनी का शुभारंभ कराया जाएगा, जिससे वे स्वयं आमजन को नए कानूनों में निहित सरल एवं जनहितकारी प्रावधानों के बारे में जानकारी देकर जागरूक कर सकें।

आज आयोजित गोष्ठी में विभिन्न वर्गों से आए वक्ताओं ने प्रस्तावित प्रदर्शनी को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने हेतु अपने सुझाव साझा किए। वक्ताओं ने सुझाव दिया कि प्रदर्शनी में ऐसे दृश्य, पोस्टर, वीडियो और संवादात्मक सामग्री सम्मिलित की जाए जो आमजन के लिए कानूनों को समझना सरल बनाए।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने बताया कि यह पहल आमजन को उनके अधिकारों से परिचित कराने और कानून व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यदि कोई व्यक्ति स्वेच्छा से इस अभियान से जुड़ना, प्रतिभाग करना या अपने सुझाव देना चाहता है, तो वह निम्न हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकता है — 8218369140।

 

Uma Shankar Kukreti