स्व. मनोरमा डोबरियाल शर्मा की पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हरीश रावत बोले— राज्य निर्माण में उनका संघर्ष अतुलनीय
देहरादून, 18 फरवरी 2026।
दिवंगत सांसद एवं देहरादून की पूर्व मेयर स्वर्गीय मनोरमा डोबरियाल शर्मा की 11वीं पुण्यतिथि पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित अनेक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आंदोलनकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनके जनसेवा, राज्य निर्माण और देहरादून के विकास में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वीडियो संदेश के माध्यम से श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने देहरादून की प्रथम मेयर के रूप में शहर को विश्व पटल पर पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद रहते हुए उन्होंने उत्तराखंड के जनहित के मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाया और कम समय में ही एक सशक्त एवं प्रभावशाली जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि आज उनकी वह मजबूत आवाज हमारे बीच नहीं है, जिसका अभाव सदैव महसूस किया जाएगा।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि स्व. मनोरमा डोबरियाल शर्मा उत्तराखंड में संघर्ष और समर्पण की प्रतीक थीं और राज्य निर्माण आंदोलन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि उनकी संघर्षशील विरासत को आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा आगे बढ़ा रही हैं और यह उत्तराखंड के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कामरेड समर भंडारी ने कहा कि स्व. मनोरमा डोबरियाल शर्मा उत्तराखंड कांग्रेस की प्रथम महिला अध्यक्ष, देहरादून की प्रथम मेयर तथा उत्तराखंड से निर्वाचित पहली महिला राज्यसभा सांसद थीं। उन्होंने अनेक ऐतिहासिक कार्य किए, जिनमें देहरादून में प्रथम एशियन मेयर्स कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना भी शामिल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कामरेड जगदीश कुकरेती ने कहा कि देहरादून को बी-2 श्रेणी दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिससे केंद्रीय कर्मचारियों को अतिरिक्त लाभ प्राप्त हुआ। उन्होंने जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं को पुनर्जीवित करने, मानसरोवर यात्रा को लिपुलेख मार्ग से पुनः संचालित कराने के प्रयास तथा चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना का प्रस्ताव भारत सरकार को प्रस्तुत करने जैसे उनके दूरदर्शी प्रयासों को भी याद किया।
कार्यक्रम की आयोजक एवं मनोरमा डोबरियाल शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन की अध्यक्ष तथा कांग्रेस नेत्री आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने कहा कि वह दिवंगत सांसद के अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी और उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम का संचालन पहाड़ी पार्टी के महासचिव मोहन सिंह नेगी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं समाजसेवी मोहन खत्री, पूर्व प्रधान हरीश भंडारी, आंदोलनकारी राकेश सती, प्रभात डडरियाल, बृजपाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया।
