देहरादूनविकासनगर

कोतवाली विकासनगर क्षेत्र में युवती की निर्मम हत्या, आरोपी फरार

 

दिनांक 28/01/2026 की रात्रि कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली विकासनगर को सूचना प्राप्त हुई कि ढालीपुर–हरबर्टपुर क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी विकासनगर एवं कोतवाली पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा।
मौके पर बोक्सा बस्ती ढालीपुर जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों में एक युवती का शव पड़ा मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। स्थानीय लोगों की सहायता से मृतका की पहचान मनीषा पुत्री आनंद सिंह, निवासी बोक्सा बस्ती ढालीपुर के रूप में की गई।
घटनास्थल पर फील्ड यूनिट व फॉरेंसिक टीम को बुलाकर फोटोग्राफी/विडियोग्राफी कराते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
मृतका के परिजनों से पूछताछ में जानकारी मिली कि मनीषा शाम के समय अपने ताऊ के लड़के सुरेंद्र उर्फ मांडू पुत्र छोटा, निवासी बोक्सा बस्ती ढालीपुर, के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
इस संबंध में मृतका के पिता आनंद सिंह की तहरीर पर कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 27/26, धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के पास से अभियुक्त की मोटरसाइकिल एवं हत्या में प्रयुक्त दरांती बरामद की गई है। विवेचना में यह भी तथ्य सामने आया है कि अभियुक्त ने उक्त दरांती दो दिन पूर्व ही खरीदी थी।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा मृतका के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी गई तथा अभियुक्त के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया।

Uma Shankar Kukreti