NationalUttarakhandदेहरादून

एबीवीपी ने 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियाँ तेज, डॉ. कमल घनसाला को स्वागत समिति की जिम्मेदारी

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में आगामी 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने जा रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियाँ जोरों पर हैं। अधिवेशन को भव्य बनाने के लिए एबीवीपी ने स्वागत समिति का गठन कर दिया है।

ग्राफिक एरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. डॉ. कमल घनसाला को स्वागत समिति का अध्यक्ष तथा एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री व वर्तमान में राज्य स्तरीय जलागम परिषद के उपाध्यक्ष रमेश गढ़िया को महामंत्री घोषित किया गया है। यह घोषणा शनिवार को देहरादून प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान की गई।


हजारों विद्यार्थियों की शोभायात्रा देहरादून की सड़कों पर

अधिवेशन के दौरान एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देशभर के हजारों विद्यार्थी भारतीय संस्कृति और विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषाओं में प्रतिभाग करेंगे। यह यात्रा परेड मैदान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी, जहाँ समाज के विभिन्न वर्ग शोभायात्रा का स्वागत करेंगे।


बिरसा मुंडा संदेश यात्रा 27 नवंबर को पहुँचेगी देहरादून

एबीवीपी प्रदेश मंत्री ऋषभ रावत ने बताया कि भारत के जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और गौरव को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निकाली गई बिरसा मुंडा संदेश यात्रा 27 नवंबर को अधिवेशन स्थल पर पहुंचेगी।
यह यात्रा बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु (झारखंड) से शुरू हुई है और मार्ग में कई स्थानों पर संगोष्ठियाँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रदर्शनी और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।

अधिवेशन परिसर का नाम भगवान बिरसा मुंडा तथा मुख्य सभागार का नाम प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखा गया है।


रानी अबक्का प्रदर्शनी का होगा शुभारंभ

27 नवंबर को ही रानी अबक्का प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। प्रदर्शनी में उत्तराखंड की संस्कृति, ‘लघु भारत’ की झलक और एबीवीपी के वार्षिक कार्यों को दर्शाया जाएगा।


1500 प्रतिनिधि होंगे शामिल, नेपाल से भी प्रतिभागी आएंगे

अधिवेशन में देशभर से लगभग 1500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके साथ ही नेपाल से विद्यार्थी परिषद प्रतिनिधि भी अधिवेशन में भाग लेने आ रहे हैं।


“अधिवेशन युवाओं को साझा मंच देगा” – डॉ. घनसाला

स्वागत समिति के अध्यक्ष डॉ. कमल घनसाला ने कहा कि एबीवीपी छात्र नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में निरंतर ऊर्जा के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार आयोजित हो रहा यह अधिवेशन देशभर के युवाओं को संवाद, चिंतन और राष्ट्र-संकल्प के लिए एक मंच पर लाएगा।

 

 

Uma Shankar Kukreti