हरिद्वार

केदारनाथ से कन्याकुमारी तक घुसपैठियों पर होगी कार्रवाई : अमित शाह

हरिद्वार की जनसभा में बोले गृह मंत्री – धामी सरकार उत्तराखंड की समस्याओं का चुन-चुनकर कर रही समाधान

हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन को बनाए रखने के लिए सरकार केदारनाथ से कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर करने के लिए संकल्पबद्ध है।
गृह मंत्री ने उत्तराखंड सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश की समस्याओं को चुन-चुनकर समाप्त करने का काम कर रहे हैं, जिसके कारण राज्य तेज़ी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

राज्य आंदोलन से विकास यात्रा तक

अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए अमित शाह ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन को याद किया। उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए युवाओं को आंदोलन करना पड़ा और रामपुर तिराहा कांड जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि बाद में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों का गठन कर क्षेत्रीय विकास का रास्ता खोला। आज ये तीनों राज्य तेज़ी से विकास कर रहे हैं।

तीन साल में मिलेगा न्याय

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंग्रेजों के समय के लगभग 150 साल पुराने कानूनों को बदलकर नई न्याय संहिता लागू की जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2028 तक नए कानून पूरी तरह लागू हो जाएंगे, जिसके बाद किसी भी मामले में एफआईआर से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक फैसला आने में अधिकतम तीन वर्ष का समय लगेगा।

शरणार्थियों को मिलेगा सम्मान

अमित शाह ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों को नागरिकता देकर उन्हें सम्मान और सुरक्षा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 समाप्त करना, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और बद्रीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।

नकल विरोधी कानून से युवाओं को मिला लाभगृ

ह मंत्री ने उत्तराखंड पुलिस में नियुक्ति पत्र पाने वाले 1900 युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि अब राज्य में “बिना पर्चा और बिना खर्चा” सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा लाया गया सख्त नकल विरोधी कानून युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रणाली सुनिश्चित कर रहा है।

10 हजार एकड़ भूमि से हटाया अतिक्रमण

अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने 10 हजार एकड़ सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का साहसिक कार्य किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने से समाज में समानता आएगी और जनसांख्यिकीय असंतुलन पर भी नियंत्रण होगा।
उत्तराखंड को मिली बड़ी केंद्रीय सहायता
गृह मंत्री ने बताया कि 2004 से 2014 के बीच उत्तराखंड को केंद्र से 54 हजार करोड़ रुपये मिले, जबकि 2014 के बाद से यह राशि बढ़कर 1 लाख 87 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि राज्य में ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, रेल और अन्य आधारभूत परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री धामी बोले – विकास और सुशासन की नई गाथा लिख रहा भारत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन की नई गाथाएँ लिख रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही पर्यटन, खेल और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति हो रही है।

Uma Shankar Kukreti