काशीपुर में मेडिकल स्टोर्स पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो दुकानें सील, कई का लाइसेंस निरस्त
काशीपुर (उधमसिंह नगर)। जिलाधिकारी उधमसिंह नगर के आदेश व एसडीएम काशीपुर के निर्देशन में औषधि नियंत्रण विभाग, कोतवाली पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मोहल्ला अली खान और मोहल्ला साबिक थाना क्षेत्र के 14 मेडिकल स्टोर्स पर औचक छापेमारी की।
जांच में पाया गया कि कई मेडिकल स्टोर बिना रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट के होलसेल लाइसेंस का दुरुपयोग करते हुए रिटेल कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा अधिकांश दुकानों पर अस्वास्थ्यकर स्थिति मिली और मनःप्रभावी औषधियों का बिल मौके पर उपलब्ध नहीं कराया जा सका।कार्रवाई के दौरान सात मेडिकल प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त करने और एक का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई। वहीं चार मेडिकल स्टोर्स में अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया।टीम ने दो मेडिकल स्टोर्स पर कड़ी कार्रवाई करते हुए मेसर्स न्यू राकेश मेडिकल स्टोर, जो टीम को देखकर मौके से फरार हो गया, तथा मेसर्स भगत जी मेडिकल स्टोर, जिसमें मनःप्रभावी दवाइयों का बिल सत्यापित नहीं हो सका, दोनों को सील कर दिया।इस कार्रवाई में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार के साथ औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला, निधि शर्मा, अर्चना उप्पल, कोतवाली पुलिस और काशीपुर प्रशासन सम्मिलित रहा।
