Uttarakhand

ओवरलोडिंग पर एआरटीओ की सख्ती: चार वाहन सीज, चार पर चालान

पीलीभीत। ओवरलोडिंग और सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए एआरटीओ प्रवर्तन टीम ने कड़ा रुख अपनाया। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान चार ओवरलोड वाहनों सहित कुल पांच वाहन सीज किए गए, जबकि अन्य उल्लंघनों में चार वाहनों के चालान काटे गए।

अभियान के दौरान मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई। जांच में चार मालवाहक वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते हुए पकड़े गए, जिनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए इन्हें थाना गजरौला, पूरनपुर गेट चौकी और ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी में सीज कर दिया गया। वहीं एक अन्य वाहन को परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाया गया, जिस पर भी सीज की कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान दो वाहन बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट के चलते हुए मिले, जिनके चालान किए गए। एक वाहन पर बॉडी से काफी लंबाई तक बाहर निकली हुई सरिया लटकती हुई पाई गई, जिस पर भी चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक वाहन को फिटनेस समाप्त होने के बावजूद सड़क पर संचालित पाया गया, जिस पर नियमानुसार चालान किया गया।प्रवर्तन कार्रवाई के साथ ही एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने शीत ऋतु में कोहरे के दृष्टिगत सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गन्ना लेकर जा रही लगभग 50 ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगवाए। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राली चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि रात्रि और कोहरे के समय बिना रिफ्लेक्टर लगे वाहनों का संचालन हरगिज न करें, क्योंकि ट्रालियों में बैक लाइट न होने से पीछे से आने वाले वाहनों के टकराने की आशंका बनी रहती है।

Shubham Mishra