कोटद्वार:- बेटी ने विधानसभा चुनाव जीत कर पिता की हार का बदला ले लिया। पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवनचंद्र खंडूड़ी (सेनि.) की बेटी ऋतु खंडूड़ी लगातार दूसरी बार विधायक बनीं। इस बार उन्होंने कोटद्वार से चुनाव जीता। बीसी खंडूड़ी की बेटी ऋतु खंडूड़ी ने पहली बार 2017 में यमकेश्वर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और विधायक बनीं।
लेकिन इस बार भाजपा ने यमकेश्वर सीट से उनका टिकट काट दिया। बाद में उन्हें अचानक कोटद्वार विधानसभा सीट से टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा गया। उनके सामने इस सीट पर पिता की हार का बदला लेने की बड़ी चुनौती थी।वर्ष 2012 में पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूड़ी इस सीट से चुनाव हार गए थे। उन्हें कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह नेगी ने हराया था। इस बार ऋतु खंडूड़ी ने कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नेगी को पराजित कर पिता की हार का बदला लिया है। 2017 के चुनाव में कोटद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा से पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने चुनाव जीता था, लेकिन चुनाव के ऐन वक्त पर कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों से पहले भाजपा ने हरक सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।