Uttarakhand

भाजपा महिला मोर्चा का आक्रोश रैली: कांग्रेस पर झूठ की राजनीति का आरोप

रुद्रपुर। अंकिता भंडारी हत्याकांड के बहाने कांग्रेस पर झूठ और भ्रम की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने मंगलवार को रुद्रपुर में विशाल “कांग्रेसी सबूत बताओ” आक्रोश रैली निकाली। रैली के दौरान महिलाओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और पार्टी का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया।

अम्बेडकर पार्क से शुरू हुई यह रैली भगत सिंह चौक होते हुए मुख्य बाजार से गुजरकर गल्ला मंडी तक पहुंची। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के हाथों में “कांग्रेस सबूत बताओ, दिवंगत बिटिया की आत्मा को मत सताओ” जैसे नारे लिखे तख्ते थे।भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी और जिला अध्यक्ष डॉ. विनीता सक्सेना ने रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता जैसी दिवंगत बेटी के मामले पर राजनीति कर रही है जबकि भाजपा सरकार ने इस प्रकरण में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर न्याय दिलाया।विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने घटना के तुरंत बाद ही दोषियों की गिरफ्तारी कराई, एसआईटी गठित की और अदालत में 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर सख्त पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप मई 2025 में तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस सबूत नहीं है, फिर भी वह झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह कर रही है।भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी की आत्मा को कष्ट पहुंचाकर अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाश रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा पूरे जिले में कांग्रेस की “झूठ की राजनीति” के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखेगा।प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी ने कहा कि “महिलाएं अब कांग्रेस की सस्ती राजनीति को समझ चुकी हैं। अगर कांग्रेस के पास कोई प्रमाण हैं, तो न्यायालय में पेश करे, झूठ फैलाकर जनता को भ्रमित न करें।”डॉ. विनीता सक्सेना ने कहा कि अंकिता जैसे संवेदनशील मामले पर झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस ने अपनी मानसिकता उजागर की है। “जनता सब देख रही है और कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी,” उन्होंने कहा।इस दौरान मेयर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, डॉ. विनीता सक्सेना, और बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Shubham Mishra