मुख्यमंत्री धामी ने किया भाजपा जिला कार्यालय का लोकार्पण, बोले—नकल और जिहाद के खिलाफ सरकार सख्त
काशीपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को काशीपुर पहुंचकर भाजपा जिला कार्यालय का विधिवत लोकार्पण किया। हवन-पूजन कर फीता काटते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यालय पार्टी कार्यकर्ताओं को समर्पित है और इससे भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों में नई ऊर्जा आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर में पार्टी कार्यालय बनने से अब कार्यक्रमों के संचालन में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि राज्य के अन्य जनपदों में भी भाजपा के जिला कार्यालय निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहे हैं, जो आत्मनिर्भर संगठन की दिशा में गौरवपूर्ण कदम है।धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने नकल विरोधी, लव जिहाद, लैंड जिहाद और कालनेमी कानून लागू कर कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून तोड़ने वालों—चाहे वे नकल माफिया हों, लव जिहादी या थूक जिहाद फैलाने वाले—को कतई बख्शा नहीं जाएगा।मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के परीक्षा केन्द्र में हाल ही में हुए नकल प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नकल माफिया को जेल भेजा, एसआईटी जांच कराई और रिपोर्ट के बाद परीक्षा निरस्त की गई।धामी ने कहा कि उत्तराखंड में अब देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू है। “राज्य के युवाओं की मेहनत पर अब कोई भी नकल माफिया डाका नहीं डाल पाएगा,” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि इस कानून के लागू होने के बाद 26 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी मिली है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज कर प्रदेश ने राष्ट्रीय औसत को पीछे छोड़ दिया है।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का भी संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, उपाध्यक्ष विनय रूहेला, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, जनपद प्रभारी पुष्कर काला, पूर्व मेयर उषा चौधरी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, वरिष्ठ अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे।
