देहरादून

अंकिता भंडारी मामले में CBI जांच व VIP खुलासे की मांग, गौचर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

गौचर। अंकिता भंडारी मामले की सीबीआई जांच कराने और संदिग्ध वीआईपी का खुलासा करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को गौचर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे पुलिस चौकी के समीप एकत्र हुए और प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचते ही “गणेश गोदियाल जिंदाबाद” तथा “प्रदेश सरकार मुर्दाबाद” के नारों के साथ मुख्य बाजार में जुलूस निकाला। जुलूस मुख्य बाजार से होते हुए बाजार के अंतिम छोर तक गया।
प्रदर्शन के दौरान “अंकिता भंडारी मामले की CBI जांच करो”, “गट्टू-बटू कौन है, सरकार क्यों मौन है” और “अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार इस संवेदनशील मामले में सच्चाई सामने लाने से बच रही है।
इस मौके पर बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, धराली के पूर्व विधायक जीतराम, जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी सहित अजय किशोर भंडारी, पालिका सभासद गौरव कपूर, विनोद कनवासी, पूरण सिंह नेगी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष CBI जांच और वीआईपी का खुलासा नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Uma Shankar Kukreti