खजाने के नाम पर करोड़ों की ठगी: रायपुर क्षेत्र में किसान से 81.51 लाख की धोखाधड़ी, 7 बीघा जमीन भी गंवाई
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शातिर ठगों ने एक किसान को उसके घर के नीचे सोना-चांदी दबे होने का झांसा देकर जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने किसान की जमापूंजी हड़पने के साथ-साथ उसकी सात बीघा जमीन भी औने-पौने दामों पर बिकवा दी। इस पूरे मामले में पीड़ित से कुल 81.51 लाख रुपये की ठगी की गई है।
नथुवावाला निवासी पीड़ित किसान राजकुमार के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात हसीन राणा नामक व्यक्ति से हुई थी। धीरे-धीरे भरोसा जीतकर हसीन उसके घर आने-जाने लगा। इसी दौरान उसे पता चला कि राजकुमार की लक्सर क्षेत्र में जमीन है। इसके बाद हसीन ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की साजिश रची।
आरोपियों ने घर में खुदाई का नाटक किया और कुछ चांदी के सिक्के दिखाकर यह यकीन दिलाया कि नीचे भारी खजाना दबा है। खजाना निकालने के नाम पर तंत्र-मंत्र और बलि की बातें की गईं। ठगों ने दावा किया कि सोने को शुद्ध करने के लिए 51 दुबों की बलि और महंगे इत्र की जरूरत है। पैसों का इंतजाम कराने के लिए दबाव बनाकर राजकुमार की लक्सर स्थित जमीन महज 24 लाख रुपये में बिकवा दी गई, जिसकी पूरी रकम आरोपियों ने हड़प ली। इतना ही नहीं, परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उन्हें चुप रहने को मजबूर किया गया।
रायपुर थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर हसीन राणा, वसीम, अमीर आलम, जाबिर और वाजिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और खजाने जैसे झांसों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
