देहरादून: प्रेम प्रसंग में विवाद, प्रेमी-प्रेमिका ने एक-दूसरे पर किया चाकू से हमला
*आपसी विवाद के चलते प्रेमी- प्रेमिका ने एक दूसरे को चाकू से वार कर किया घायल*
*दोनो को घायल अवस्था में पुलिस द्वारा अस्पताल में कराया गया भर्ती*
*प्रेमिका के किसी अन्य युवक से सम्पर्क में होने के चलते दोनो के बीच हुआ था विवाद*
देहरादून:
देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान प्रेमी और प्रेमिका ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि ओगल भट्टा क्षेत्र में एक युवक और युवती के बीच हुए विवाद में दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंटाउन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घायल युवक और युवती क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और काफी समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क में आने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
घटना में दोनों के घायल होने पर पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
