गांधी पार्क में ऐतिहासिक होगा दिवाली मेला, स्वदेशी थीम पर 14 अक्टूबर से होगा शुभारंभ
रुद्रपुर। गांधी पार्क में इस वर्ष का दिवाली मेला ऐतिहासिक रूप लेने जा रहा है। ‘स्वदेशी अपनाओ’ थीम पर आधारित यह भव्य मेला 14 अक्टूबर से आरंभ होकर 21 अक्टूबर तक चलेगा। मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और ठेली व्यापारियों के साथ बैठक कर अंतिम रूपरेखा तय की। उन्होंने तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि यह मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ आह्वान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप होगा।
महापौर ने बताया कि मेले में लगभग 300 छोटी दुकानों की व्यवस्था की गई है, जिन्हें बेहद सस्ते किराए पर गरीब और लघु व्यापारियों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इन दुकानों के माध्यम से सात दिनों तक स्थानीय व्यापारी अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देगा, बल्कि छोटे व्यापारियों को रोजगार का भी अवसर प्रदान करेगा।महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के दौरान बाजार क्षेत्र में वाहनों और ठेली संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बाजार क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण या अवैध दुकान लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा, “जिसकी जो दुकान है, वही अपना सामान बेचे, अन्यथा उसका सामान और ठेली दोनों जब्त कर ली जाएगी।”महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे गांधी पार्क पहुंचकर इस ‘स्वदेशी दिवाली मेले’ का आनंद लें और स्वदेशी वस्तुओं की खरीद कर स्थानीय व्यापारियों की आर्थिकी को मजबूत बनाएं। उन्होंने बताया कि पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि आगंतुकों को कोई असुविधा न हो। वहीं, शहर के अंदर ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए वाहनों का आवागमन सीमित कर दिया जाएगा।इस अवसर पर नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, उप नगर आयुक्त श्रीमती शिप्रा जोशी पांडेय, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, सहायक नगर आयुक्त रणदीप सिंह, सिटी मिशन मैनेजर मनोज कर्नाटक, बाजार पार्षद चिराग कालरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री पारस चुघ, राजन राठौर, परवेज खान, सचिन तनेजा, मनीष कालरा, सनी गाबा, राजेश मोनू, अभिमन्यु ढिंगरा एवं कन्हैया सहित पुलिस अधिकारी एसआई नवीन बुधनी, टीआई नरेंद्र कुमार आर्या, चौकी इंचार्ज जितेंद्र खत्री,एसआई अमित कालखुड़िया, एसआई गोधन सिंह तथा सीपीयू टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
