बुखार से मौतों पर डीएम पहुंचे रसियाखानपुर, परिजनों से की बातचीत
पीलीभीत। तहसील बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम रसियाखानपुर में बुखार से हुई मौतों की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने बुधवार को गांव का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों एवं मृतकों के परिजनों से बातचीत की और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार के बुखार की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य शिविर या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और चिकित्सक की सलाह से ही दवा लें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गांव में साफ-सफाई अभियान तेज करने, फॉगिंग और एंटी लार्वा दवा के छिड़काव के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए।डीएम ने कहा कि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए जनजागरूकता जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों में बच्चों को इसके प्रति जागरूक किया जाए और मस्जिदों से माइक द्वारा लोगों को सावधानी बरतने के लिए ऐलान कराया जाए।मुख्य चिकित्साधिकारी ने ग्रामीणों को सलाह दी कि पूरे बाजू के कपड़े पहनें, पानी को उबालकर पिएं और घरों में ठहरा पानी न रहने दें। उन्होंने कहा कि डेंगू का लार्वा स्थिर पानी में पनपता है, इसलिए घरों के कूलर, टायर, और पुराने बर्तनों में पानी इकट्ठा न होने दें। ठहरे हुए पानी में मोबिआयल (तेल) डालना भी मच्छरों की रोकथाम का प्रभावी तरीका है। उन्होंने लोगों से बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की।
