कूटरचित दस्तावेज से बुजुर्ग की सम्पति कराई पत्नी के नाम; डीएम ने दर्ज कराया मुकदमा; गिफ्ट डीड रद्द
बडे़ बेटे ने 88 वर्षीय बुजुर्ग बीमार पिता से कूटरचित दस्तावेजों से हड़पी पिता की 2 बड़ी सम्पति; डीएम तक पंहुचा मामला; प्राथमिकी दर्ज;
बुजुर्ग पिता से पावर ऑफ एटार्नी प्राप्त कर बेटे ने धोखे से सम्पति करदी अपनी पत्नी के नाम गिफ्ट डीड
बुजुर्ग, महिला, बच्चों, असहाय व्यथितों का उत्पीड़न नही है क्षम्यः
बुजुर्ग की दो सम्पत्तियों को कूटरचित दस्तावेजों से कराया पत्नी के नाम; डीएम ने दर्ज कराया मुकदमा, उपहार डीड रद्द
देहरादून, दिनांक 09 (सू०वि०)। 88 वर्षीय बीमार बुजुर्ग राजेन्द्र स्वरूप अग्रवाल द्वारा की गई शिकायत पर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए धोखाधड़ी के माध्यम से स्थानांतरित की गई दो सम्पत्तियों की गिफ्ट डीड रद्द कर दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल को दी गई शिकायत में बुजुर्ग ने आरोप लगाया था कि उनके बड़े पुत्र ने पावर ऑफ अटॉर्नी का दुरुपयोग कर देहरादून स्थित नेहरू कॉलोनी की दो सम्पत्तियों को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अपनी पत्नी पूजा अग्रवाल के नाम करवाया।
बताया गया कि उक्त सम्पत्तियों से प्राप्त किराये की आय से ही बुजुर्ग का उपचार चलता था। शिकायतकर्ता ने डीएम को अवगत कराया कि वे उपचार के लिए अपनी बेटी के पास गाज़ियाबाद गए हुए थे, इसी दौरान उनके बड़े पुत्र ने कथित रूप से धोखे से पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कराकर और दस्तावेजों में हेरफेर करते हुए सम्पत्तियों को अपने पक्ष में कर लिया।
डीएम ने लिया संज्ञान, हुई प्राथमिकी दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा उप-निबंधक कार्यालय को प्रकरण की विस्तृत जांच करने और संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप-निबंधक कार्यालय द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध थाना नेहरू कॉलोनी में वाद दर्ज कराया गया है। जांच उपरांत उपहार डीड को रद्द करने की कार्रवाई की गई।
“वृद्धजन के अधिकारों का हनन असहनीय”— जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि वृद्धजनों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, दबाव, या कूटरचना के जरिए संपत्ति हड़पने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग ने लगाई थी डीड रद्द कराने की गुहार
जिलाधिकारी को दिए आवेदन में शिकायतकर्ता ने अपनी व्यथा बताते हुए विनती की थी कि उपरोक्त उपहार डीड को तत्काल प्रभाव से निरस्त कराया जाए तथा उनकी दो सम्पत्तियों को पुनः उनके नाम बहाल कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
जिला प्रशासन ने तथ्यों की पड़ताल के उपरांत उपहार डीड को निरस्त करते हुए आगे की कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की है।
—0–
