Healthदेहरादून

त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का सख्त अभियान: कावली रोड में छापेमारी, 25 किलो दही नष्ट, 55 खाद्य पदार्थों की जांच

आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड श्री सचिन कुर्वे के निर्देशानुसार जनपद देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र श्री रमेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून श्रीमती सीमा डुंगराकोटी के नेतृत्व में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना के साथ कावली रोड क्षेत्र स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों, विशेषकर डेरियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर दूध, पनीर, मावा एवं दही के कुल चार नमूने जांच हेतु लेकर खाद्य विश्लेषक को भेजे गए। साथ ही दही को अनहाइजीनिक परिस्थितियों में विक्रय करते पाए जाने पर लगभग 25 किलोग्राम दही मौके पर नष्ट कर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।


इसके अतिरिक्त रेसकोर्स क्षेत्र, देहरादून में सचल खाद्य विश्लेषणशाला के माध्यम से आम जनमानस को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान उपभोक्ताओं द्वारा अपने किचन में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थ जैसे दूध एवं दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी, मसाले, दाल आदि की मौके पर निःशुल्क जांच की गई तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
सचल खाद्य विश्लेषणशाला द्वारा कुल 55 खाद्य पदार्थों की निःशुल्क जांच की गई, जिनमें से 4 दूध एवं दुग्ध उत्पाद तथा 3 मसाले मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इन नमूनों में पानी एवं स्टार्च की उपस्थिति पाई गई।
अभियान में उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी सचल खाद्य विश्लेषणशाला श्री वीरेन्द्र सिंह बिष्ट, उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल श्री आर.एस. रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र श्री रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर क्षेत्र श्री संजय तिवारी तथा खाद्य विश्लेषक श्री रमेश जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti