त्योहार से पहले देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग का जागरूकता अभियान, 69 खाद्य पदार्थों की मौके पर हुई निःशुल्क जांच
आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री सचिन कुर्वे के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून द्वारा आम जनता को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 फरवरी 2026 को गैलेक्सी हाइट, जीएमएस रोड, देहरादून में खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा अपने किचन में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थ जैसे दूध एवं दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी, मसाले, दाल आदि की मौके पर निःशुल्क जांच की गई और लोगों को खाद्य सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। सोसायटी के निवासियों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता दिखाते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की।
खाद्य सचल विश्लेषणशाला द्वारा कुल 69 खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिनमें से 4 दूध के नमूनों में मिल्क फैट कम पाया गया, जबकि 4 मसालों (धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और हींग) में स्टार्च की मिलावट पाई गई।
सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून ने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता अपनी सोसायटी या कॉलोनी में प्रयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों की निःशुल्क जांच करवाना चाहता है तो वह कार्यालय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून से संपर्क कर सकता है।
इस अभियान में उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी खाद्य सचल विश्लेषणशाला श्री वीरेन्द्र सिंह बिष्ट, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (नगर निगम क्षेत्र) श्री रमेश सिंह तथा खाद्य विश्लेषक श्री रमेश जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
