नवरात्र पर देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती
देहरादून।
शारदीय नवरात्र के अवसर पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड ने कुट्टू के आटे व व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देश पर जनपद देहरादून में विशेष चेकिंग की गई।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून श्री मनीष सयाना के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र के गोरखपुर चौक, दीपनगर, नवादा, माजरी माफी आदि स्थानों पर निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुट्टू आटा, पनीर व तिल तेल के नमूने जांच हेतु लिए गए। अस्वस्थकर परिस्थितियों में स्कूटी से सप्लाई किए जा रहे 20 किलो पनीर को मौके पर नष्ट कराया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संजय तिवारी ने विकासनगर क्षेत्र में निरीक्षण कर कुट्टू आटा व सिंगाड़ा आटा सहित 5 नमूने जांच हेतु लिए। मसूरी क्षेत्र में श्री कपिल देव ने औचक निरीक्षण किया, जहां खुले में कुट्टू आटा विक्रय होता नहीं पाया गया।

कुल मिलाकर जनपद देहरादून से व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों के 08 नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजे गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना ने बताया कि यह अभियान नवरात्र और दीपावली तक लगातार जारी रहेगा। साथ ही खाद्य कारोबारियों को केवल FSSAI प्रमाणित पैक्ड कुट्टू आटा ही विक्रय करने के निर्देश दिए ।
