कोटद्वारपौड़ीयमकेश्वर

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने किया हाथी दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग, धारकोट-लालढांग मार्ग पुनः संचालित करने के निर्देश

 

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने किया हाथी दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग, धारकोट-लालढांग मार्ग पुनः संचालित करने के निर्दे

चीला (हरिद्वार), 5 अक्टूबर 2025
वन्यजीव सप्ताह (2-8 अक्टूबर 2025) के अंतर्गत आज चीला वन परिसर में आयोजित हाथी दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने शिरकत की। इस अवसर पर प्रमुख वन संरक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी, राज्य मंत्री स्तर वन सलाहकार परिषद सदस्य श्री जमदग्नि जी तथा जिला पंचायत सदस्य उमरोली श्री बचन बिष्ट सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान श्री बचन बिष्ट ने लंबे समय से बंद पड़े धारकोट-लालढांग वन मोटर मार्ग को पुनः संचालित करने हेतु मंत्री जी एवं अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि यह मार्ग डांडा मंडल क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके खुलने से स्थानीय युवाओं को सफारी, वन पर्यटन, होमस्टे आदि के माध्यम से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, क्षेत्रवासियों को लालढांग व कोटद्वार बाजार तक मात्र 15 किमी की दूरी तय कर पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

वन मंत्री सुबोध उनियाल जी ने इस मांग पर निदेशक पार्क को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के पर्यटन विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम के दौरान श्री बिष्ट ने गंगा भोगपुर क्षेत्र में नहर किनारे से हटाई गई ठेली-रेहड़ी से प्रभावित युवाओं की रोजगार समस्या भी उठाई। मंत्री जी ने कहा कि “किसी भी बेरोजगार का रोजगार सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से समन्वय बनाकर रोजगार पुनर्स्थापन की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।

 

Uma Shankar Kukreti