Healthहल्द्वानी

हरिद्वार: अवैध नारकोटिक दवाओं की बिक्री पर QRT की सख्ती, 7 दुकानों को नोटिस

हरिद्वार, 10 फरवरी। अपर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में उप औषधि नियंत्रक द्वारा जनपद में नारकोटिक एवं साइकोट्रोपिक औषधियों की अवैध खरीद-फरोख्त पर प्रभावी रोकथाम के लिए एक क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है। टीम ने सलेमपुर और लक्सर क्षेत्र के बसीड़ी में मिल रही लगातार शिकायतों के आधार पर सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने कुल 10 औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान NDPS अधिनियम के अंतर्गत प्रतिबंधित कोई भी औषधि मौके पर नहीं पाई गई, लेकिन नियमों में अनियमितता मिलने पर 7 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जबकि एक दुकान की क्रय-विक्रय गतिविधियों पर तत्काल रोक लगा दी गई। इसके अलावा 2 थोक औषधि विक्रेताओं का भी निरीक्षण किया गया।


औषधि विभाग की टीम ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त हिदायत दी कि नारकोटिक एवं साइकोट्रोपिक दवाओं का विक्रय केवल वैध चिकित्सकीय पर्चे पर ही किया जाए। साथ ही पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में किसी भी प्रकार की दवा का विक्रय न करने के निर्देश दिए गए।
यह निरीक्षण कार्रवाई वरिष्ठ औषधि निरीक्षक श्रीमती अनीता भारती के नेतृत्व में संपन्न हुई। टीम में औषधि निरीक्षक हरिश सिंह, सुश्री मेघा, ऋषभ धामा, हार्दिक भट्ट और विनोद जगूड़ी शामिल रहे।


औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जनपद में अवैध औषधि विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

 

Uma Shankar Kukreti