*तपोवन आपदा में मिले शवों की पहचान को लापता लोगों के परिवार से पुलिस मुख्यालय कंट्रोल रूम कर रहा प्रयास* *(अर्जुन सिंह भंडारी)*
देहरादून-: रविवार सुबह जनपद चमोली के तपोवन में ग्लेशियर पिघलने के चलते धौलीगंगा में आई बाढ़ से उस क्षेत्र में निर्माणाधीन तपोवन पावर प्रोजेक्ट में कार्य कर रहे कई लोग अभी भी लापता है जिनको खोज बीन को प्रदेश एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी व भारतीय सेना द्वारा संयुक्त बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इन दलों के अलावा भी उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा अपने स्तर पर रविवार के दिन से ही मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है जिसके जरिये पुलिस कर्मी प्रभावित क्षेत्र में मिले शवों की पहचान के विषय मे जानकारी जुटा रहे है।
पुलिस मुख्यालय स्थित इस कंट्रोल रूम को स्वयं पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध व कानून व्यवस्था व प्रवक्ता उत्तराखंड पुलिस नीलेश आनंद भरणे द्वारा अपने निर्देशन में चलाया जा रहा है।उनके अनुसार तपोवन की प्राकृतिक आपदा में अभी तक 197 लोग लापता हैं।सर्च टीम द्वारा लापता लोगों में से अभी तक अलग अलग जगहों से 33 लोगों के शव बरामद किए है जिनमें से 10 लोगों की शिनाख्त हो गई है और 23 लोगों की शिनाख्त नहीं हो पायी है।
उन्होंने बताया कि लापता लोगों की पहचान के लिए मुख्यालय स्तर पर 09 फरवरी को उनके परिजनों हेतु एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है व कंट्रोल रूम जिसका नम्बर 0135-2712685 एवं मोबाइल नम्बर 9411112985 है के माध्यम से उसे ऑपरेट किया जा रहा है।
जिसमें फिलहाल तक 86 परिजनों द्वारा सम्पर्क किया गया है। पुलिस द्वारा आपदा में लापता हुए लोगों की सूची एवं बरामद हुए शवों की पहचान हेतु उनका विवरण व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से परिजनों को भेजा जा रहा हैं। व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से अभी तक 02 शवों की पहचान भी हो गयी है। आपदा में लापता एवं बरामद शवों की पहचान के लिए सोशल मीडिया का भी उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि बरामद शवों के डीएनए सैम्पलिंग और संरक्षण के लिए राज्य एफएसएल की भी मदद ली जा रही है और सभी मानदंडों का पालन किया जा रहा है। बरामद शवों को मोरचरी कर्णप्रयाग, जोशीमठ और गोपेश्वर में रखा गया है। आपदा में लापता हुए लोगों की सूची एवं बरामद हुए शवों की पहचान हेतु अन्य राज्यों की पुलिस से भी लगातार पत्राचार किया गया है। शवों से मिले आभूषण, टैटू एवं अन्य पहचान चिन्हों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर उन्हें सुरक्षित रखा जा रहा है।
उनके द्वारा जनपद चमोली में स्थापित कन्ट्रोल रूम का नम्बर 01372-251487 एवं मोबाइल नम्बर 9084127503 भी लोगों से जन सहायता के लिए साझा किया गया है।