देहरादून

जिला प्रशासन है तो मुमकिन है एमपी स्पोर्ट्स कॉलेज को 330 टेबल-चेयर, राजकीय नशामुक्ति केन्द्र को एम्बुलेंस

देहरादून, 29 दिसंबर 2025 (सू.वि.)
शिक्षा और खेल संरचनाओं को मज़बूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और ठोस कदम बढ़ाया है। ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) एवं मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून को विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु 330 नए टेबल-चेयर उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप जनपद में “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सरकारी विद्यालयों में फर्नीचर, आउटडोर खेल अवस्थापना, स्वच्छ पेयजल, विद्युत, पुस्तकालय एवं स्मार्ट शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। जिला खनिज न्यास एवं जिला योजना की सीमित धनराशि के अतिरिक्त, कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत ओएनजीसी व हुडको से सहयोग प्राप्त किया गया है। अब तक सीएसआर फंड से 5 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिल चुकी है, जिससे सैकड़ों सरकारी विद्यालयों में बच्चों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिला है—और अब किसी बच्चे को ज़मीन पर बैठकर पढ़ने की मजबूरी नहीं रहेगी।

इसी क्रम में, प्रदेश के पहले राजकीय आधुनिक नशामुक्ति केन्द्र को ओएनजीसी के सहयोग से उपलब्ध कराई गई एम्स चिकित्सालय तक आवागमन हेतु एम्बुलेंस को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में नशामुक्ति केन्द्र से उपचार लेकर नशे से मुक्त हुए तीन युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए। केन्द्र की प्रभारी डॉ. वैशाली ने बताया कि 10 नवंबर 2025 से संचालित यह केन्द्र अपनी 100% क्षमता से कार्य कर रहा है और उपचार के बाद युवाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
ओएनजीसी के महाप्रबंधक नीरज शर्मा ने कहा कि ओएनजीसी देशभर में शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा सहायता के क्षेत्रों में सीएसआर के माध्यम से निरंतर योगदान दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 9 महीनों में देहरादून जनपद को 25–26 करोड़ रुपये, तथा ओएनजीसी दिल्ली द्वारा 10 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

उल्लेखनीय है कि स्पोर्ट्स कॉलेज में पूर्व में फर्नीचर जर्जर अवस्था में था, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। नए फर्नीचर से अब विद्यार्थियों को सुरक्षित, अनुकूल और प्रेरक अध्ययन वातावरण मिलेगा। साथ ही, जनपद के अन्य सरकारी विद्यालयों में भी फर्नीचर, शुद्ध पेयजल के वाटर फिल्टर, आउटडोर खेल सुविधाएँ, एलईडी स्क्रीन, लैपटॉप सहित आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के प्रतिनिधि अरुण सिंह, चंदन सुशील, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं, डीआरडीए निदेशक विक्रम सिंह, मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन की निदेशिका प्रगति सडाना, वेस्ट वॉरियर्स संस्था से मयंक शर्मा, नवीन कुमार सडाना सहित अनेक अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti