पथरी में अवैध गोमांस बिक्री का भंडाफोड़, 150 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में गोवंश संरक्षण स्क्वाड और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाइसेंसी मीट दुकान से अवैध गोमांस की बिक्री का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 150 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस और उससे जुड़े उपकरण बरामद कर छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई ग्राम बोड़ाहेड़ी में नियमित जांच अभियान के दौरान की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मीट दुकान के माध्यम से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर गोवंश संरक्षण स्क्वाड और पथरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ।
मौके से पुलिस ने अतीक पुत्र जमील, अब्दुल्ला पुत्र महबूब, मुजम्मिल पुत्र अब्दुल हमीद, शाकिब पुत्र शकील, रहमान पुत्र ताहिर तथा तमरेज पुत्र जमील को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी ग्राम जौरासी, रुड़की, हरिद्वार के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत थाना पथरी में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में लक्सर कोतवाली और पथरी थाना क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने अपराध नियंत्रण बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के क्रम में यह सफल अभियान चलाया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गोवंश से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
https://whatsapp.com/channel/0029Vah1H4wCBtx8MkBiFc3R
