इंदिरा मार्केट, आढ़त बाजार और मल्टी लेवल पार्किंग से देहरादून को मिलेगा नया ढांचा: डॉ. आर. राजेश कुमार
देहरादून,
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की तीन प्रमुख परियोजनाओं—इंदिरा मार्केट पुनर्विकास, आढ़त बाजार और तहसील परिसर में प्रस्तावित मल्टी लेवल कार पार्किंग—का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना
इंदिरा मार्केट एवं टैक्सी स्टैंड क्षेत्र के प्रभावित दुकानदारों को आधुनिक और सुव्यवस्थित मार्केट में स्थानांतरित करने के उद्देश्य से यह परियोजना संचालित की जा रही है। परियोजना के प्रथम चरण में C एवं D ब्लॉक में दो तल का बेसमेंट निर्माण पूरा हो चुका है और शीर्ष तल का कार्य प्रगति पर है।
परियोजना के तहत तीन तल के बेसमेंट में कुल 1050 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। बेसमेंट निर्माण पूर्ण होने के बाद दुकानों का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र दुकानों का आवंटन किया जा सके। निरीक्षण के दौरान सचिव ने निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आढ़त बाजार परियोजना
शहर के तहसील चौक से सहसपुर चौक के मध्य स्थित सड़क पर यातायात दबाव को कम करने के लिए हरिद्वार बाइपास पर लगभग 7.7 हेक्टेयर भूमि पर नए आढ़त बाजार का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत मंडियों के लिए सुव्यवस्थित लेआउट तैयार कर निर्माण कार्य जारी है।
व्यवसायियों एवं आमजन की सुविधा के लिए लगभग 650 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल कार पार्किंग का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वेयरहाउस, कार्यालय, ओवरहेड वाटर टैंक, एसटीपी, पार्क तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
तहसील परिसर में मल्टी लेवल कार पार्किंग
पलटन बाजार एवं तहसील चौक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को देखते हुए नए तहसील कार्यालय के साथ लगभग 1000 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल कार पार्किंग प्रस्तावित है। इस संबंध में दरबार साहिब के साथ वार्ता प्रक्रिया जारी है। सचिव ने अधिकारियों को वार्ता शीघ्र पूर्ण कर परियोजना को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अपर अभियंता नवीन चंद्र जुनेजा, नज़ीर अहमद, वास्तुविद प्रशांत नौटियाल और परियोजना निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून के समग्र विकास के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इंदिरा मार्केट, आढ़त बाजार और मल्टी लेवल कार पार्किंग जैसी परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती देने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप, पारदर्शिता और तकनीकी मजबूती के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
