HealthUttarakhandदेहरादून

मा0 मुख्यमंत्री की प्रेरणा से “नशामुक्त दून” की दिशा में जिला प्रशासन का बड़ा कदम

उत्तरी भारत का पहला “राजकीय मॉडल नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र” 1 नवम्बर से होगा संचालित

देहरादून, 29 अक्टूबर 2025 (सू.वि.) —
मा0 मुख्यमंत्री की प्रेरणा से देहरादून को नशामुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रशासन द्वारा स्थापित उत्तरी भारत का पहला “राजकीय मॉडल नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र” आगामी 1 नवम्बर से संचालित होने जा रहा है।

इस केंद्र का संचालन “सोसायटी प्रमोशन ऑफ यूथ एण्ड मासेस” द्वारा किया जाएगा। केंद्र में एक ही नंबर पर परामर्श, चिकित्सा उपचार और पुनर्वास सहायता की सुविधा उपलब्ध होगी। यह केंद्र एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (Addiction Treatment Facility) से लैस होगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में नशा मुक्ति केंद्र के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि मात्र दो माह में संस्था का चयन, भवन निर्माण एवं संचालन व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। साथ ही, एम्स ऋषिकेश के साथ संस्था एवं समाज कल्याण विभाग का टाई-अप भी कराया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि रायवाला स्थित इस राजकीय मॉडल नशामुक्ति केंद्र में एकीकृत व्यवस्था विकसित की गई है, जिसके अंतर्गत एक ही फोन कॉल पर निशुल्क परामर्श, चिकित्सा उपचार एवं पुनर्वास सहायता प्राप्त की जा सकेगी। इस कार्य हेतु एम्स ऋषिकेश में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं, जहां नशे के आदी व्यक्तियों का उपचार व परामर्श सुविधा उपलब्ध होगी। हेल्पलाइन नंबर शीघ्र जारी किया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर एएनएम, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण दिया जाए ताकि नशे के विरुद्ध लड़ाई को समाजिक स्तर पर मजबूती दी जा सके। साथ ही, स्कूलों में बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य केवल उपचार नहीं बल्कि पूर्ण पुनर्वास एवं सामाजिक पुनर्स्थापन है। इसके लिए चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, मनोवैज्ञानिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं की संयुक्त भूमिका आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि केंद्र से संबंधित हेल्पलाइन नंबर का अधिकतम प्रचार किया जाए तथा विद्यालयों, कॉलेजों और औद्योगिक संस्थानों में नशा विरोधी अभियान चलाए जाएं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, “सोसायटी प्रमोशन ऑफ यूथ एण्ड मासेस” के निदेशक डॉ. राजेश कुमार, समन्वयक आयुषी चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti