LifestyleNationalUttarakhandदिल्लीदेहरादूनपौड़ी

आईपीएस लोकेश्वर सिंह का UN से जुड़े अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयन, भारत और उत्तराखण्ड का मान बढ़ाया

 

उत्तराखण्ड पुलिस के आईपीएस अधिकारी श्री लोकेश्वर सिंह का संयुक्त राष्ट्र से सम्बद्ध अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयन — भारत और राज्य के लिए गौरव का क्षण
शांति स्थापना, संस्थागत अखंडता एवं सतत विकास के क्षेत्र में देंगे योगदान

देहरादून, 5 अक्टूबर 2025।
उत्तराखण्ड कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्री लोकेश्वर सिंह, जो वर्तमान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पौड़ी के पद पर कार्यरत हैं, का चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से सम्बद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। यह चयन एक अत्यंत प्रतिस्पर्धी और वैश्विक प्रक्रिया के अंतर्गत किया गया, जिसमें विभिन्न देशों के योग्य अधिकारी सम्मिलित थे।

2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी श्री सिंह ने अपने 11 वर्षों के सेवा काल में उत्तराखण्ड पुलिस में विभिन्न महत्त्वपूर्ण पदों पर रहते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों में प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया है तथा वर्तमान में पौड़ी जनपद की पुलिस व्यवस्था का संचालन कर रहे हैं।

अपनी नई अंतरराष्ट्रीय भूमिका में श्री सिंह संस्थागत अखंडता (Institutional Integrity), शांति स्थापना (Peacebuilding) एवं सतत विकास (Sustainable Development) जैसे वैश्विक उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। उनकी नियुक्ति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारत एवं उत्तराखण्ड दोनों के लिए गौरव का विषय है, जिससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की उपस्थिति और सशक्त होगी।

श्री लोकेश्वर सिंह शीघ्र ही राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय को आवश्यक अनुमोदन हेतु आवेदन प्रस्तुत करेंगे। अनुमोदन प्राप्त होने के पश्चात वे अपनी नई अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी का दायित्व संभालेंगे।

Uma Shankar Kukreti