काशीपुर बोर्ड बैठक: बिना टैक्स बढ़ाए विकास योजनाओं को मिली हरी झंडी
काशीपुर। महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में हुई नगर निगम बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़े सभी 20 बिंदुओं को ध्वनि मत से पारित किया गया। बैठक की शुरुआत भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सभी पार्षदों ने महापौर दीपक बाली को प्रदेश का सबसे बेहतर काम करने वाला महापौर बताते हुए अभिनंदन पत्र और साल पहनाकर सम्मानित किया।
बैठक में महापौर बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि काशीपुर का विकास बिना किसी नए टैक्स बोझ के आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों के बीच लगे खंभों को हटाया जाएगा तथा महाराणा प्रताप चौक से गिरीताल व मां चामुंडा मंदिर तक फैंसी लाइटें लगेंगी। वार्ड 11 और 40 को जिला विकास प्राधिकरण ने गोद लिया है। जल्द ही नगर निगम क्षेत्र में विभाजन विभीषिका पार्क का निर्माण होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे।महापौर ने बताया कि सभी श्मशानघाटों का कायाकल्प और पोस्टमार्टम हाउस का जीणोद्धार किया जाएगा। पार्षदों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं पर एक सप्ताह में कार्रवाई की जाएगी। हर 15 दिन पर अधिकारियों व पार्षदों की संयुक्त बैठक कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जनवरी से “जनता के द्वार” कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें महापौर खुद वार्डों में पहुंचकर जनता दरबार लगाएंगे।महापौर ने बताया कि अब हाउस टैक्स जमा करने में अर्थदंड नहीं लगेगा और टैक्स वर्ष एक अप्रैल से 31 मार्च तक रहेगा। जून तक टैक्स जमा करने वालों को 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। नगर निगम क्षेत्र में 10 आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे, जहां जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज मिलेगा। आधार व श्रमिक कार्ड केंद्र खोलने की जिम्मेदारी पार्षद विजय बॉबी को सौंपी गई।बाली ने बताया कि निगम कर्मचारियों के अधिकांश बकाया और 2017 से लंबित ठेकेदारों के भुगतान निपटाए जा चुके हैं। शहर में 10 स्थानों पर ई-रिक्शा स्टैंड बनाए जाएंगे और निगम की भूमि पर 500 दुकानें निर्मित होंगी। पार्कों की देखरेख समाजसेवी संस्थाओं को सौंपी जाएगी।स्ट्रीट लाइटों के स्थायी समाधान के लिए भारत सरकार की एजेंसी ईएसएसएल के साथ अनुबंध किया गया है। संस्था 24 घंटे में खराब लाइटें बदलेगी और शहर के सभी खंभों पर लाइटें सुनिश्चित की जाएंगी।बैठक में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद शाह, कमल मेहता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी सहित सभी पार्षद मौजूद रहे। संचालन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा ने किया।
