मध्य प्रदेश रवाना हुए काशीपुर के महापौर दीपक बाली इंदौर-भोपाल के विकास मॉडल का करेंगे अध्ययन, शहरी व्यवस्थाओं के आधुनिकीकरण पर होगा मंथन
काशीपुर। देवभूमि उत्तराखंड के शहरों को आधुनिक स्वरूप देने और स्मार्ट व्यवस्था के नए मॉडल अपनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक विशेष पहल की है। इसी क्रम में उत्तराखंड के नगर निकायों के प्रमुखों और अधिकारियों का 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुआ। इस दल में काशीपुर के महापौर दीपक बाली भी शामिल हैं।
यह प्रतिनिधिमंडल 9 से 12 दिसंबर तक इंदौर और भोपाल में रहकर दोनों शहरों के शहरी प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, डिजिटल पब्लिक सर्विसेज, ट्रैफिक सिस्टम और स्मार्ट तकनीक के सफल मॉडल का प्रत्यक्ष अध्ययन करेगा। उत्तराखंड का शहरी विकास निदेशालय इस यात्रा को “विकास चेतना अभियान” के रूप में देख रहा है। प्रतिनिधिमंडल में ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, हरिद्वार की मेयर किरण शर्मा सहित कई नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्ष व नगरीय प्रबंधन अधिकारी शामिल हैं।रवाना होने से पूर्व महापौर दीपक बाली ने कहा कि उत्तराखंड के शहर अब पारंपरिक ढर्रे से आगे बढ़ने को तैयार हैं। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य इंदौर और भोपाल में लागू सफल शहरी तंत्रों को गहराई से समझना और उन्हें काशीपुर की योजनाओं में लागू करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अध्ययन यात्रा से मिलने वाले अनुभवों से काशीपुर को अधिक स्वच्छ, सक्षम और तकनीकी दृष्टि से सशक्त नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।महापौर बाली ने यह भी जानकारी दी कि वे मध्य प्रदेश भ्रमण के बाद 13 व 14 दिसंबर को गुजरात के सूरत शहर पहुंचेंगे, जहां आयोजित होने जा रही अखिल भारतीय महापौर परिषद की 116वीं कार्यकारिणी बैठक में भाग लेंगे। इस दो दिवसीय बैठक में देशभर से आए महापौरों को शपथ दिलाई जाएगी। सूरत की मेयर हेमाली बोघावाला इसकी मेजबानी करेंगी।
