ऋषिकेश को ‘स्वच्छ और सुंदर’ बनाने के लिए महापौर शम्भू पासवान ने जनता से किया सहयोग का आह्वान
ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश के माननीय महापौर श्री शम्भू पासवान ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाए रखने के उद्देश्य से नगरवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। कूड़ा संग्रहण वाहनों के माध्यम से जारी संदेश में उन्होंने कहा कि ऋषिकेश केवल एक नगर नहीं, बल्कि योग और आध्यात्म की वैश्विक राजधानी है, जिसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महापौर ने नगरवासियों से कूड़े का पृथक्करण करने, गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग करके नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण गाड़ियों को देने, नीले और हरे डस्टबिन का अनिवार्य उपयोग करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का पूर्णतः त्याग करने की अपील की। उन्होंने शहर को प्लास्टिक-मुक्त बनाने के लिए पॉलिथीन का प्रयोग बंद करने और खरीदारी के लिए कपड़े या जूट के थैलों के उपयोग पर जोर दिया।
इसके साथ ही महापौर ने सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, दीवारों और गंगा घाटों पर गंदगी न फैलाने तथा शहर की सुंदरता और पवित्रता बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महापौर श्री शम्भू पासवान ने कहा,
“ऋषिकेश हम सबका घर है। जिस प्रकार हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार हमें अपने शहर की गलियों और गंगा घाटों को भी साफ रखना होगा। नगर निगम प्रशासन दिन-रात जनसेवा में लगा है, लेकिन जनता के सहयोग के बिना ‘स्वच्छ ऋषिकेश – स्वस्थ ऋषिकेश’ का सपना साकार नहीं हो सकता।”
इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गोपाल राम बिनवाल, सफाई निरीक्षक श्री अभिषेक मल्होत्रा, श्री रोहित राम, श्री अमरजीत धीमान, श्री अमन पांडे सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
