देहरादून

ताड़ीखेत से विकास का संदेश: मुख्यमंत्री धामी ने 77.25 करोड़ की 32 योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा जनपद के ताड़ीखेत में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। शिविर में अनेक पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया तथा कई जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले में 77.25 करोड़ रुपये की लागत वाली 32 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 47.85 करोड़ रुपये की 9 योजनाओं का शिलान्यास और 29.40 करोड़ रुपये की 23 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। साथ ही रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी की गईं।


रानीखेत क्षेत्र के लिए प्रमुख घोषणाएँ
विकासखण्ड भिकियासैंण में गगास व रामगंगा नदी पर तटबन्ध निर्माण एवं पैदल पथ का नव निर्माण

देवलीखेत, चौनलिया, खिरखेत व भुजान के राजकीय इंटर कॉलेजों में मिनी स्टेडियम

सनणा सिंचाई लिफ्टिंग योजना का उच्चीकरण

रानीखेत एनसीसी ग्राउंड/स्टेडियम के लिए 1 करोड़ रुपये

रानीझील का विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में हैलीपैड निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रशासनिक सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुँचाना है। इसी दिशा में सेवाओं का डिजिटलीकरण किया जा रहा है और बहुउद्देश्यीय शिविरों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसे बुनियादी ढाँचों को सुदृढ़ किया जा रहा है। मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान व सौंदर्यीकरण पर भी सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।


पलायन रोकथाम और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में 30 प्रतिशत आरक्षण, और 1.68 लाख से अधिक “लखपति दीदी” बनने का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे मातृशक्ति की बड़ी उपलब्धि बताया।
रानीखेत क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता के लिए 17 करोड़ रुपये की भवानी देवी पेयजल योजना तथा 5 करोड़ रुपये की भतरौजखान रामगंगा पम्पिंग पेयजल योजना के निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं।


इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा, क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti