आज शाम स्वदेशी दीपावली मेले में पहुंचेगें सांसद अजय भट्ट
रूद्रपुर। नगर निगम द्वारा पहली बार गांधी पार्क में आयोजित स्वदेशी दीपावली मेला अब अपने पूरे शबाब पर है। 14 अक्टूबर से शुरू हुआ यह मेला 21 अक्टूबर तक चलेगा। हर दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्वदेशी उत्पादों की झलक से सजा यह मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आज का दिन मेले के लिए खास रहने वाला है, जब सांसद अजय भट्ट बतौर मुख्य अतिथि मेला परिसर में शाम को पहुंचेंगे। उनके साथ विधायक शिव अरोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उनका आगमन आयोजन को और भी गरिमामय बनाएगा।मेले में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं और क्षेत्रीय कलाकार भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। हर शाम सांस्कृतिक मंच पर स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे पारंपरिक नृत्य, गीत और रंगारंग कार्यक्रम मेले की रौनक को दोगुना कर रहे हैं।भीड़ का उत्साह देखते ही बनता है। रोजाना हजारों की संख्या में दर्शक मेले का आनंद ले रहे हैं। नगर निगम की ओर से मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की कमान संभाल रहे महापौर विकास शर्मा ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने की अपील की है।महापौर ने कहा कि स्वदेशी दीपावली मेला स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है। यह आयोजन रूद्रपुर की नई पहचान बनेगा और स्वदेशी संस्कृति के प्रति जनजागरण का माध्यम साबित होगा।
