Uttarakhand

नगर निगम ने आवास विकास रिंग रोड से हटाया अतिक्रमण

 

Shubham Mishra
Shubham Mishra

रुद्रपुर। नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को आवास विकास रिंग रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी ठेलियों, अवैध बोर्ड और स्टैंड हटाए। इस दौरान निगम ने कुछ सामान जब्त करते हुए अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी भी दी।

सहायक नगर आयुक्त रणदीप कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम शाम को जेसीबी मशीन और अमले के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने सड़क के दोनों ओर लगे अवैध बोर्ड, साइन बोर्ड और ठेलियों को हटाया। स्थानीय निवासियों का कहना था कि लंबे समय से अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित हो रहा था। क्षेत्रीय पार्षद राजेश जग्गा व वार्डवासियों ने हाल ही में महापौर से शिकायत की थी, जिसके बाद महापौर ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।कार्रवाई के दौरान निगम टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण करने पर सख्त विधिक कार्रवाई के साथ-साथ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि शहर की सड़कों को यातायात के लिए सहज और सुरक्षित रखना निगम की प्राथमिकता है, और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।पार्षद राजेश जग्गा ने बताया कि रिंग रोड पर अतिक्रमणकारियों को कई बार चेताया गया और मुनादी भी कराई गई, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद वे नहीं माने। अंततः मजबूरन निगम को कठोर कदम उठाना पड़ा।

Shubham Mishra