नगर निगम रूद्रपुर को मिला ‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार’, 35 लाख की धनराशि से किया गया सम्मानित
रूद्रपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में नगर निगम श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर रूद्रपुर नगर निगम को राज्य सरकार की ओर से ‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार’ से नवाजा गया। बुधवार को देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल को प्रशस्ति पत्र और 35 लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया।
रूद्रपुर ने यह उपलब्धि 100 प्रतिशत डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, 98 प्रतिशत कचरा प्रसंस्करण, डंप साइट का शत-प्रतिशत उपचार, गार्बे फ्री सिटी में 1 स्टार और ओडीएफ प्लस प्लस श्रेणी हासिल कर अपने नाम की।
सीएम ने किया पहले शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारम्भ
समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने सिंह कॉलोनी, रूद्रपुर में प्रथम शहरी ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। जल्द ही नगर में सात और शहरी आरोग्य केन्द्र शुरू किए जाएंगे, जिनसे 15 से 20 हजार की आबादी को मुफ्त चिकित्सीय सुविधाएं मिलेंगी। प्रत्येक केन्द्र पर एमबीबीएस चिकित्सक समेत पांच लोगों का स्टाफ तैनात होगा।
सम्मान को बताया जनसहयोग का परिणाम
महापौर विकास शर्मा ने पुरस्कार को नगरवासियों और सफाईकर्मियों के समर्पण का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शहर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने की दिशा में निगम की निरंतर कोशिशों की झलक है।
स्ट्रीट वेंडर्स और सफाई व्यवस्था को नई सौगात
समारोह में मुख्यमंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स के सर्वेक्षण अभियान का शुभारम्भ करते हुए उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की घोषणा की। इसके साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए रूद्रपुर नगर निगम को 25 नये कूड़ा वाहन उपलब्ध कराने का ऐलान भी किया।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश काऊ एवं सरिता कपूर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
