रूद्रपुर में महिला हाट बाजार खोलेगा नगर निगमः महापौर

राष्ट्रपति भवन में प्रदर्शनी लगाकर लौटे महिला समूह को महापौर ने किया सम्मानित
11 हजार नगद पुरस्कार देने की घोषणा
रूद्रपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित प्रदर्शनी से लौटी फुलवारी महिला समूह की सराहनीय उपलब्धि पर बुधवार को नगर निगम सभागार में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। महापौर विकास शर्मा व नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने समूह की महिलाओं को सम्मानित किया। महापौर ने समूह को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की और जल्द ही रूद्रपुर में महिला हाट बाजार खोलने का ऐलान किया।
महापौर ने कहा कि महिला समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए निगम पूरी मदद करेगा। साथ ही महिलाओं के लिए हाईटेक ब्यूटी पार्लर, सैलून व बहुआयामी ट्रेनिंग सेंटर खोलने की योजना भी बताई।नगर आयुक्त ने कहा कि महिला समूह अब विदेशों में होने वाली प्रदर्शनी की भी तैयारी करें, नगर निगम उसका पूरा खर्च उठाएगा। उन्होंने फुलवारी समूह की उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।सम्मान समारोह में फुलवारी समूह की अध्यक्ष रंजना सक्सेना, सचिव ज्योति सिन्हा, कोषाध्यक्ष चांदनी जोशी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं, पार्षद और नगर निगम अधिकारी मौजूद रहे।
