नेपाली पीएम ओली का नया पैंतरा, बोले- भारत ने बनाया नकली अयोध्या, असली नेपाल में
ओली बोले- भारत ने नेपाल में किया संस्कृतिक अतिक्रमण, नकली अयोध्या का किया निर्माण
पहले भी सत्ता के खिलाफ साजिश को लेकर भारत पर लगा चुके हैं आरोप
दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दावा किया कि भारत ने सांस्कृतिक अतिक्रमण के लिए नकली अयोध्या का निर्माण किया है। जबकि, असली अयोध्या नेपाल में है। बता दें कि ओली पहले कह चुके हैं कि भारत उनको सत्ता से हटाने की साजिश रच रहा है।
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली भारत पर नेपाली सीमा में अतिक्रमण का आरोप तो लगा ही चुके हैं, अब उन्होंने सांस्कृतिक अतिक्रमण का नया राग छेड़ा है। उन्होंने भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या पर ऐसी बात कही है जिसका ना कोई सिर है ना पैर। उन्होंने अयोध्या के भारत में मानने से ही इनकार कर दिया। ओली ने कहा कि भारत में जो अयोध्या है, वह नकली है जबकि असली अयोध्या तो नेपाल में है। नेपाली पीएम ने कहा, ‘भारत ने सांस्कृतिक अतिक्रमण के लिए नकली अयोध्या का निर्माण किया है जबकि असली अयोध्या नेपाल में है।’
नेपाल पर सांस्कृतिक रूप से किया गया अत्याचार
ओली ने कवि भानुभक्त आचार्य की जयंती पर अपने आधिकारिक आवास ब्लूवाटर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नेपाल पर सांस्कृतिक रूप से अत्याचार किया गया है। ऐतिहासिक तथ्यों को भी तोड़ा मोड़ा गया है। हम अब भी मानते हैं कि हमने भारतीय राजकुमार राम को सीता दी थी। ओली ने इसके बाद बेहद हास्यास्पद बात कही।
भारत की अयोध्या वास्तविक नहीं!
उन्होंने दावा किया कि हमने भारत में स्थित अयोध्या के राजकुमार को सीता नहीं दी, बल्कि नेपाल के अयोध्या के राजकुमार को दी थी। अयोध्या एक गांव है जो बीरगंज के थोड़ा पश्चिम में स्थित है। ओली ने कहा, ‘भारत में बनाया गया अयोध्या वास्तविक नहीं है।’