2047 तक विकसित भारत के निर्माण में पोषण होगा आधार: रेखा आर्या
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने किया आठवें राष्ट्रीय पोषण माह समापन समारोह का शुभारंभ
देहरादून, 17 अक्टूबर।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के नींबूवाला स्थित ऑडिटोरियम में शुक्रवार को आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों को महालक्ष्मी किट के रूप में पोषण किट वितरित की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं और बच्चों के पोषण हेतु चलाया जा रहा मिशन, जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इस दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

राज्य की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सबसे आवश्यक है कि हर महिला और बच्चा पोषित और स्वस्थ हो। उन्होंने कहा कि जब समाज का हर वर्ग पोषित होगा, तभी राष्ट्र अपनी संपूर्ण क्षमता से आगे बढ़ सकेगा।
रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ पोषण जागरूकता की अग्रदूत हैं, जिन्हें गांव-गांव जाकर इस अभियान को जनांदोलन बनाना होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से पोषण अभियानों के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं और यह सामूहिक प्रयास “कुपोषण मुक्त भारत” की दिशा में मजबूत कदम है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने ओहो रेडियो, पोषण अभियान, अनुपूरक पोषाहार, मिशन शक्ति, नारी निकेतन एवं बाल गृह, तथा कृषि, उद्यान एवं शिक्षा विभागों के लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, महिला सशक्तिकरण मंत्रालय भारत सरकार के अपर सचिव लव अग्रवाल, संयुक्त सचिव राधिका झा, सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंशीलाल राणा, श्रीमती निमिषा झा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को ₹1 करोड़ 56 लाख की धनराशि जारी
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी 13 जनपदों के कुल 5211 लाभार्थियों को सितंबर माह के लिए ₹1 करोड़ 56 लाख 33 हजार की धनराशि सीधे खातों में ट्रांसफर की गई।
