धान खरीद 1 अक्टूबर से, एडीएम ने तैयारियों की समीक्षा बैठक
रुद्रपुर । धान खरीद सत्र 2025-26 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागीय अधिकारियों, किसानों और राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में किसानों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने धान क्रय केन्द्रों की संख्या बढ़ाने, नमी (मॉइस्चर) के मानक के अनुसार कटौती करने, किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा लीज, स्टॉम्प व ठेके पर ली गई भूमि पर तैयार फसल को खरीद में शामिल करने जैसी मांगें रखीं।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में 1 अक्टूबर से धान खरीद प्रारंभ होगी। इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के धान की किसी भी प्रकार से अतिरिक्त कटौती नहीं की जाएगी। राइस मिलर्स को निर्धारित समय के भीतर किसानों का भुगतान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे और निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार क्रय केन्द्रों की संख्या बढ़ाई जाए।
एडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनका पूरा धान खरीदा जाएगा और धान खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सभी क्रय एजेंसियों और आढ़तियों को चेतावनी दी कि किसानों को अनावश्यक परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धान क्रय केन्द्र पर एजेंसी का नाम, प्रभारी अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर, संबंधित एसडीएम का नंबर तथा टोल-फ्री नंबर अंकित फ्लेक्सी लगाई जाएगी ताकि समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी क्रय केन्द्रों पर पंखा, नमी मापक यंत्र, कांटा, पीने का पानी व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसानों से अपील की गई कि किसी समस्या के उत्पन्न होने पर सीधे उप जिलाधिकारी से संपर्क करें।बैठक में मण्डी प्रबंध निदेशक हेमंत वर्मा, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी लता मिश्रा, राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन गोयल, उपाध्यक्ष रमेश गर्ग सहित किसान जगरूप सिंह गिल, संतोख सिंह, बलविन्दर सिंह, विक्रम जीत सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी व किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
