पिथौरागढ़: बंगापानी में इनोवा कार दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत; SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
पिथौरागढ़। जनपद के बंगापानी क्षेत्र में रविवार को एक इनोवा कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार चार लोगों में से दो की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
जिला नियंत्रण कक्ष पिथौरागढ़ से 15 मार्च 2026 को सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट अस्कोट से उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से दो घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेज दिया गया था।
मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार से दो मृतकों के शवों को बाहर निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बताया जा रहा है कि वाहन में कुल चार लोग सवार थे। मृतकों में से एक की पहचान मुनस्यारी निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी (पुत्र राम सिंह नेगी) के रूप में हुई है। जबकि अन्य तीन लोगों (दो घायल और एक मृतक) की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
