16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एमडीडीए में शपथ कार्यक्रम आयोजित
(मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण)
लोकतंत्र की मजबूती में मतदाता की निर्णायक भूमिका : बंशीधर तिवारी
“My India, My Vote” थीम के अंतर्गत मनाया गया राष्ट्रीय मतदाता दिवस
देहरादून।
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में आज दिनांक 25 जनवरी 2026 को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एक गरिमामय मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी ने एमडीडीए के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। इस अवसर पर सचिव श्री मोहन सिंह बर्निया सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के पत्र संख्या 491/SVEEP-I/NVD/2025 दिनांक 15 जनवरी 2026 के क्रम में, इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस “My India, My Vote” थीम के अंतर्गत मनाया गया। आयोग के निर्देशानुसार लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान की महत्ता को रेखांकित करने तथा सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाने के उद्देश्य से एमडीडीए में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करेंगे तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या भेदभाव से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदाता जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का लोगो प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही स्टेशनरी, प्रचार सामग्री एवं एमडीडीए की वेबसाइट पर भी इसका व्यापक प्रसार किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्यक्रम से संबंधित छायाचित्र सामग्री को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #NVD2026 हैशटैग के साथ साझा किया गया, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जा सके।
एमडीडीए द्वारा की गई यह पहल न केवल कर्मचारियों के बीच लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक, निर्भीक और जिम्मेदार मतदाता से ही पड़ती है। प्राधिकरण भविष्य में भी मतदाता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी का बयान
राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक नागरिक का मत देश के भविष्य की दिशा तय करता है। एमडीडीए के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आज शपथ लेकर यह संकल्प लिया है कि वे स्वयं भी जिम्मेदार मतदाता बनेंगे और समाज में मतदान के प्रति सकारात्मक संदेश देंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान हैं। बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के मताधिकार का प्रयोग करना ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करें और अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करें।
सचिव श्री मोहन सिंह बर्निया का बयान
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित यह शपथ कार्यक्रम कर्मचारियों में लोकतांत्रिक दायित्वों की भावना को सुदृढ़ करता है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एमडीडीए द्वारा मतदाता जागरूकता से जुड़े सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। हमारा प्रयास है कि मतदान के महत्व का संदेश न केवल कार्यालय तक सीमित रहे, बल्कि समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, ताकि अधिकाधिक नागरिक निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
