सांस्कृतिक क्रांति के द्वारा राजनीतिक क्रांति संभव : धीरेंद्र प्रताप
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री धीरेंद्र प्रताप ने आज धुमाकोट में रसयान संस्था द्वारा आयोजित विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा है कि सांस्कृतिक क्रांति के द्वारा हम लोग राज्य में राजनीतिक क्रांति ला सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जब हम लोग उत्तराखंड राज्य के निर्माण की लड़ाई लड़ रहे थे, उस वक्त भी स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और हमारे जैसे उनके साथियों ने कई जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कलाकारों के माध्यम से जनता को संगठित किया और उनको लामबंद करके राज्य का निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने रसियाण द्वारा आयोजित कार्यक्रम को जोरदार सांस्कृतिक कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इससे महिला उत्थान का एक नया उदाहरण स्थानीय युवकों ने प्रस्तुत किया है। उन्होंने इशारों इशारों में लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के विकास पर टिप्पणी करते हुए यहां तक कह दिया यहां के विधायक ने लैंसडौन को विकास के नाम पर राज्य में पहले नंबर पर बना दिया है।
उन्होंने कहा देश में सबसे विफल मुख्यमंत्री का तमका जहां वर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को मिला है, वही हमारे विधायक ने भी विकास के नए मापदंड पेश किए हैं। कार्यक्रम को विधायक दिलीप सिंह रावत, गब्बर सिंह बिष्ट, रंजना रावत, जंग बहादुर सिंह नेगी, महिपाल पटवाल, गीतकार मंगला उनियाल, समेत अनेक लोगों ने संबोधित किया। जिसमें महिला मंगल दलों ने अनेक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की।