गौचरचमोली

गौचर मेले में पत्रकार वार्ता व सम्मान समारोह, सीडीओ बोले—संवाद से तेज़ होगा जनपद का विकास

 

न्यूज़ रिपोर्ट : के एस असवाल

गौचर। 18 नवम्बर
राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले के अंतर्गत मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में पत्रकार वार्ता एवं पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीडीओ द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई।

पत्रकारों ने इस दौरान जनपद में चल रही विकास योजनाओं, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आधार पंजीकरण सहित कई विभागीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद से विकास कार्यों को गति मिलती है, इसी उद्देश्य से गौचर मेले में प्रतिवर्ष पत्रकार वार्ता आयोजित की जाती है।

पहला सत्र—पत्रकार सम्मेलन

 

वरिष्ठ पत्रकार राजपाल बिष्ट ने वार्ता की शुरुआत की। पत्रकार शेखर रावत ने प्रशासन की त्रैमासिक बैठक नियमित कराने की मांग उठाई, जिस पर सीडीओ ने अधिकारियों को रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए।
ललिता प्रसाद लखेड़ा ने आधार कार्ड संबंधी समस्याओं के समाधान का सुझाव रखा।
प्रमोद सेमवाल ने 108 एंबुलेंस की स्थिति व जल जीवन मिशन कार्यों की प्रगति पर जानकारी मांगी।
गोपी डिमरी ने महिला बेस चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट की कमी उठाई, जबकि भुवन शाह ने पीपलकोटी में एक्स-रे तकनीशियन पद रिक्त होने की समस्या बताई।
पत्रकार कृष्ण कुमार सेमवाल ने जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी जांच की मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने का सुझाव दिया।
संजय कुंवर ने चेनाप घाटी में यात्री सुविधाओं के विकास की आवश्यकता बताई।

इसके अलावा अनिल राणा, भानू प्रकाश, डॉ. अवतार सिंह, जगदीश पोखरियाल, रणजीत सिंह, लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, पुष्कर रावत व सुभाष पिनोली सहित कई पत्रकारों ने उद्यान, सिंचाई, शिक्षा, पेयजल व सड़क संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।

दूसरा सत्र—पत्रकार सम्मान समारोह

द्वितीय सत्र में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित पत्रकारों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डीएफओ सर्वेश कुमार दूबे, सीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता, अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिलेभर के पत्रकार मौजूद रहे।

 

K. S. Aswal