Uttarakhand

स्वास्थ्य एवं कानूनी जागरूकता पर महाविद्यालय में हुआ कार्यक्रम

पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत के संबद्ध अस्पताल के सभागार में शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं कानूनी सेवाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:30 बजे हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिला जज सुनील कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार, मुख्य चिकित्साधीक्षक पुरुष अस्पताल डॉ. रामाकांत सागर, वाइस प्रिंसिपल डॉ. अरुण सिंह, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. जगदंबा शरन तथा मुख्य चिकित्साधीक्षक महिला अस्पताल डॉ. राजेश कुमार सहित वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान डॉ. अरुण सिंह ने यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज (UHC) से जुड़ी वर्तमान चुनौतियों तथा स्वास्थ्य सेवाओं में समानता सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. जगदंबा शरन ने यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज की अवधारणा, उद्देश्यों तथा समाज में इसके महत्व को सरल शब्दों में समझाया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने जिले में उपलब्ध डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं—ई-संजीवनी, आभा आईडी एवं आयुष्मान भारत योजना—की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आम जनता से इन सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील भी की।डॉ. रामाकांत सागर ने अस्पताल में संचालित विभिन्न चिकित्सीय तथा आपातकालीन सेवाओं, जांच व्यवस्थाओं और रोगी सहयोग व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी साझा की।मुख्य अतिथि अपर जिला जज श्री सुनील कुमार ने जनता को उपलब्ध सरकारी कानूनी सहायता योजनाओं के बारे में बताया तथा हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 181 और 1076 जैसी सेवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार शर्मा द्वारा प्रभावी रूप से किया गया। प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और इससे उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं जनसामान्य को स्वास्थ्य और कानूनी सेवाओं के बारे में उपयोगी जानकारियाँ प्राप्त हुईं।

Shubham Mishra