देहरादून

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में देर रात पहुंचे पुष्कर सिंह धामी, व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया तथा उपचार हेतु भर्ती वरिष्ठ पत्रकार श्री कैलाश जोशी का कुशलक्षेम जाना।
देर रात हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई। मुख्यमंत्री ने आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार श्री कैलाश जोशी एवं उनके परिजनों से भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।


मरीजों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति तथा जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं निजी अस्पतालों के समकक्ष बेहतर और भरोसेमंद बनें, यह सरकार की प्राथमिकता है। गंभीर मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरतने तथा तीमारदारों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार पत्रकारों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है तथा हर आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु राज्य सरकार लगातार संसाधनों का विस्तार कर रही है, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti