देहरादून

प्रश्नपत्र लीक प्रकरण : SIT जांच में मुख्य आरोपी खालिद मलिक गिरफ्तार

देहरादून
21 सितंबर को आयोजित UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा के प्रश्नपत्रों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में SIT जांच के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने अब तक मुख्य अभियुक्त खालिद मलिक और उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार किया है।

प्रकरण का खुलासा
SIT रिपोर्ट के अनुसार अभियुक्त खालिद ने परीक्षा से पूर्व मोबाइल को केंद्र के भीतर छिपाकर रखा था। परीक्षा के दौरान उसने प्रश्नपत्र के कुछ पन्नों की फोटो खींचकर अपनी बहन साबिया को भेजीं। साबिया ने इन्हें टिहरी में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को फॉरवर्ड किया, जहां से उत्तर तैयार कर वापस खालिद को भेजे गए। हालांकि परीक्षा के दौरान निगरानी सख्त होने के कारण खालिद इन उत्तरों को OMR शीट पर नहीं भर पाया।

गिरफ्तारी व बरामदगी
23 सितंबर को पुलिस ने पहले खालिद की बहन साबिया को गिरफ्तार किया। बाद में STF और पुलिस की संयुक्त टीम ने खालिद को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वह मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसका उपयोग प्रश्नपत्र की फोटो भेजने में हुआ था। फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

आरोपी का अपराध स्वीकारोक्ति
पूछताछ में खालिद ने बताया कि वह पूर्व में भी प्रतियोगी परीक्षाओं में असफल रहा था। इसी कारण उसने नकल कर परीक्षा पास करने की योजना बनाई। उसने चार आवेदन विभिन्न जनपदों से किए थे और परीक्षा केंद्र में पहले से मोबाइल छिपाने की साजिश रची थी।

पुलिस का बयान
अब तक की विवेचना में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता के प्रमाण नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और नए तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

  • नाम: मोहम्मद खालिद
  • पिता: मोहम्मद शहजाद
  • निवासी: सुल्तानपुर, आदमपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार
  • आयु: 35 वर्ष

 

Uma Shankar Kukreti